देवरिया , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन और तीन क्रिकेट स्टम्प बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने यहां मंगलवार को बताया कि थाना लार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर माधोपुर मोड़ के पास से आदर्श प्रताप यादव निवासी रावतपार अमेठिया थाना लार और विवेक यादव निवासी कठौड़ी थाना भाटपाररानी को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बिना नम्बर प्लेट का एक चार पहिया वाहन और तीन स्टम्प बरामद हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि 19 अक्टूबर की रात मटियरा जगदीश चौराहे पर पुरानी रंजिश को लेकर राजू यादव पुत्र अशोक यादव निवासी मटियरा जगदीश के साथ क्रिकेट स्टम्प, राड और चाकू से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। पीड़ित के पिता की तहरीर पर थाना लार पर धारा 191(2), 191(3), 109(1), 115(2), 117(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित