देवरिया, सितंबर 11 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में हज 2027 के लिए चयनित यात्रियों को 15 सितंबर तक मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य ने शुक्रवार को यहां बताया कि हज यात्रियों की मेडिकल जांच दो चरणों में होगी। प्रथम चरण की जांच चयन के बाद और द्वितीय चरण की जांच उड़ान से पूर्व कराई जायेगी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण की जांच सरकारी चिकित्सा केंद्र पर निर्धारित प्रारूप पर कराई जाएगी और एलोपैथिक चिकित्सक द्वारा फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि मेडिकल प्रमाण-पत्र और अग्रिम जमा धनराशि की रसीद सहित अन्य प्रपत्र हज कमेटी की वेबसाइट http://hajcommittee.gov.in पर 15 सितंबर तक अपलोड करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी कोई तथ्य छिपाया न जाय। अनफिट पाये जाने पर यात्रा निरस्त कर धनराशि वापस कर दी जायेगी। जबकि तथ्य छिपाने पर धनराशि जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित