देवरिया , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर क्षेत्र में पुलिस ने स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 30 ग्राम स्मैक और बिक्री के 7.23 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि सूचना के आधार पर वार्ड नंबर-5 हरैया लाला के पास छापेमारी कर 26 पुड़िया स्मैक (कुल 29.96 ग्राम) के साथ कृष्णा गुप्ता, उसकी पत्नी उर्मिला गुप्ता तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 लाख 23 हजार 390 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा दवा कूटने का ओखली-मूसल भी बरामद किया है। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों वयस्क आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित