देवरिया , सितंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया मे थाना साइबर क्राइम व एसओजी की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार की शाम बताया कि एक सूचना पर पुलिस टीम ने तीन सितंबर की रात सदर कोतवाली क्षेत्र के क्षत्रिय छात्रावास फूलमंडी के पास मेडिकल कॉलेज के पीछे से घेराबंदी कर नमन गुप्ता (20), प्रियांशु चौहान (19), विवेक गौड़ (18) और निखिल गिरी (19) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी म्यूल खातों में साइबर फ्रॉड का पैसा मंगाकर एटीएम, यूपीआई व पीओसी मशीन से निकालते थे और विंग एक्स प्रो ऐप के जरिए उसे डिजिटल करेंसी में कन्वर्ट कर टेलीग्राम पर दिए गये वॉलेट में भेज देते थे।

पुलिस टीम ने इनके पास से से 05 मोबाइल फोन, 01 एटीएम कार्ड, 02 फर्जी आधार कार्ड और एक बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद किया है। इस संबंध में थाना साइबर क्राइम पर मु0अ0सं0 21/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 61(2)ए बीएनएस व 66सी, 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह के अन्य साथियों प्रिंस राजभर, शुभम मणि, भानू सहित अन्य की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित