देवरिया , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में वन स्टॉप सेंटर से एक किशोरी के फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार सोनकर ने गुरुवार को बताया कि तरकुलवा क्षेत्र की एक किशोरी को 14 फरवरी को बरामद कर सुरक्षा एवं काउंसलिंग के उद्देश्य से वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। बुधवार शाम वह वहां तैनात एक पीआरडी महिला सिपाही के साथ कुछ सामान लेने बाहर गई थी, जहां से वह कथित रूप से सिपाही को चकमा देकर फरार हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीमें और सेंटर के कर्मचारी लगातार किशोरी की तलाश में जुटे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी के अनुसार वन स्टॉप सेंटर में 13 कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मी तैनात हैं, जो शिफ्ट के आधार पर ड्यूटी करते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है और किशोरी की सकुशल बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित