देवरिया, अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में इन दिनों लू(हीट वेव) से बचाव को लेकर श्रमिकों को सतर्क रहने की शुक्रवार को अपील करते हुए सहायक श्रम आयुक्त स्कन्द कुमार कहा है कि आम जनमानस के साथ-साथ धूप में कार्य करने वाले श्रमिक वर्ग के प्रभावित होने की आशंका है।

उन्होंने कारखानों, ईंट-भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों, दिहाड़ी श्रमिकों, डिलीवरी बॉय सहित धूप में कार्य करने वाले सभी श्रमिकों से अपील की है कि वे लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने शरीर को पूरी तरह ढककर रखें तथा काम पर जाते समय गमछा, टोपी, हल्के कपड़े, चश्मा और जूते का प्रयोग अवश्य करें।

साथ ही अपने पास पानी की बोतल व नींबू रखें तथा समय-समय पर शीतल जल, नींबू पानी, शिकंजी एवं नारियल पानी का सेवन करते रहें।

उन्होंने कहा कि कार्य स्थल पर काम करते समय श्रमिक सिर पर गमछा बांधकर रखें। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों को दोपहर के समय धूप में बाहर न निकलने की अपील की और कहा कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचें। इसके अलावा अत्यधिक प्रोटीन युक्त एवं बासी भोजन के सेवन से भी परहेज करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित