देवरिया , अक्टूबर 10 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के मईल ग्राम स्थित पूज्य योगी देवरहा बाबा द्वारा स्थापित तपस्या स्थली पर स्थापित राधा-कृष्ण मंदिर पर दबंगों द्वारा कब्जा करने का आरोप लगा है।
मंदिर के एक संत श्याम सुन्दर दास ने आज एक वीडियो बयान जारी कर प्रशासन से आश्रम को खाली कराने की मांग की है। संत ने बताया कि यह मंदिर महर्षि देवरहा बाबा द्वारा स्थापित है । यह भारत में मौजूद देवरहा बाबा की सभी स्थलियों के साथ संचालित होता था। उन्होंने बताया कि इस स्थल के महंत उनके गुरु भाई श्री बालमुकुंद दास जी थे। जिनका हाल ही में काशी में निधन हो गया। संत परंपरा के अनुसार काशी में उनका अंतिम संस्कार कर वे वापस लौटे। उन्होंने प्रशासन को सूचना दी थी कि शांति व्यवस्था बनवाते हुए क्रिया-कर्म को शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाए।
संत का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण नरसिंह डाढ़ के कुछ दबंगों ने जाल-फरेब कर आश्रम पर कब्जा कर रखा है। यह स्थल कोर्ट के आदेश पर संत समाज द्वारा स्थापित किया गया था और यहां प्राण-प्रतिष्ठित मूर्तियां तथा बाबा की मूर्ति भी स्थापित है।उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी आश्रम के महंत रहे निरंजन दास जी पर तेजाब से हमला किया गया था तथा भागवत मिश्रा समेत कई भक्तों की हत्या कर दी गई थी। अब फिर से उन्हीं लोगों द्वारा आश्रम पर कब्जा किया जा रहा है।
संत ने कहा कि उन्होंने कई बार तहसीलदार सहित प्रशासन को सूचना दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। उन्होंने प्रशासन से आश्रम को कब्जा मुक्त कराकर दिवंगत महंत का क्रिया-कर्म संत परंपरा के अनुससार शांतिपूर्वक संपन्न कराने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित