देवरिया , सितंबर 28 -- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर सोमवार को उत्तर प्रदेश के देवरिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के आरोपों को लेकर विरोध मार्च निकाला और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका।

कांग्रेस कार्यकर्ता टाउन हॉल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए। जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने हाथों में तख्ती, झंडा और बैनर लेकर सुभाष चौक, सिविल लाइंस होते हुए कचहरी चौराहा तक जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किये। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौराहा स्थित शिव मंदिर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतिकात्मक पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। सुरक्षा के मद्देनजर सुभाष चौक से कचहरी चौराहा तक पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया।लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा करोड़ों मतदाताओं के नाम काटकर वोट चोरी करना देशद्रोह और संविधान पर हमला है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित