देवरिया , अगस्त 30 -- समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत देवरिया में रविवार को 86 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। जिसमें छह मुस्लिम जोड़ें हैं।राजकीय आईटीआई परिसर में सामूहिक विवाह समारोह में 80 हिंदू जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह तथा छह मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया। प्रशासन की ओर से सभी जोड़ों के लिए भोजन, उपहार और समुचित व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार उपस्थित रहे।कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी गई।और सरकार की इस योजना की सराहना की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये की धनराशि विवाहित कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाती है, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है तथा 15 हजार रुपये आयोजन व्यय के रूप में खर्च किए जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित