देवरिया , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के मझौलीराज में 29 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम्य विकास राज्यमंत्री एवं सलेमपुर विधायक विजयलक्ष्मी गौतम, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हेलीपैड निर्माण, मंच, पंडाल, पेयजल, स्वच्छता, साफ-सफाई, शौचालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल की समुचित साफ-सफाई के साथ सुरक्षा मानकों के अनुरूप पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। पार्किंग में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुविधाजनक स्थल का चयन किया जाय। साथ ही हेलीपैड निर्माण से संबंधित सभी कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें समय से पूर्ण किया जाय।जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण करने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित