देवरिया , अक्टूबर 12 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में सोमवार को नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के संकल्प के साथ महिला सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई।

पुलिस लाइन में आयोजित भव्य समारोह में विधायक रामपुर कारखाना सुरेन्द्र चौरसिया ने महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर उपस्थित रहे। रैली के जरिए महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता और महिला अधिकारों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फेज-6.0 के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेज, बाजार, सार्वजनिक स्थल और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। महिलाओं को 1090, 112, 181, 1098 व 1930 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारियों को महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित