देवरिया , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरी बाजार विकास खण्ड और बैतालपुर विकास खण्ड में शुक्रवार को शिविर लगाकर मत्स्य पालकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण रेवती रमन चौधरी ने यहां बताया कि करमाजीतपुर गांव में मत्स्य निरीक्षक कुलदीप सक्सेना द्वारा आयोजित शिविर में ग्राम पंचायत सचिव, समिति के सदस्य, बैंक प्रतिनिधि और सीएससी संचालक मौजूद रहे।
शिविर में 57 मत्स्य पालकों और मछुआ समुदाय के लोगों का एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया और मछुआ दुर्घटना बीमा योजना के बारे में बताया गया। इसी क्रम में तिवई गांव में मत्स्य निरीक्षक रितेश शाही द्वारा लगाए गये शिविर में 32 मत्स्य पालकों का एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीकरण किया गया।
उन्होंने बताया कि 20 से 27 सितंबर 2026 तक प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत छह परियोजनाओं के लिए पोर्टल खोला गया है। इसमें खारे जल में तालाब निर्माण, रियरिंग फिश यूनिट निर्माण, मध्याकार आरएएस, बैकयार्ड आरएएस और आजीविका के लिए पोषण सहायता समेत अन्य परियोजनाएं शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित