देवरिया , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन के क्रम में कठिन परिस्थितियों में सड़कों एवं फुटपाथों पर बेसहारा जीवन यापन करने वाले व्यक्तियों के पुनर्वास हेतु जिला स्तरीय रेस्क्यू टास्क फोर्स गठित करने का निर्देश शुक्रवार को दिया है।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह के साथ टास्क फोर्स से जुड़े अधिकारियों की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह समिति बेसहारा लोगों के हित से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण समिति है। इससे जुड़े सभी अधिकारी न्यायालय के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने बताया कि यह टास्क फोर्स शहर के मुख्य चौराहों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों, अस्पतालों, रेलवे परिसर, बस स्टेशनों, टैक्सी स्टैंड, मुख्य बाजारों सहित अन्य हॉटस्पॉट पर अकेले एवं असहाय रूप से जीवन यापन कर रहे बेघर, मानसिक रूप से बीमार, मंदबुद्धि एवं दिव्यांग व्यक्तियों का चिन्हांकन कर उनका पुनर्वास सुनिश्चित करेगी।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि ऐसे निराश्रित व्यक्तियों को कहीं भी देखने पर कल्याण साथी हेल्पलाइन 14568, महिला हेल्पलाइन 181 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना देकर पुनर्वास में सहभागिता निभायें। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिये और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित