देवरिया , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने शुक्रवार को मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक बीमार बालक को देखकर अपना काफिला रुकवा कर तत्काल उसके उपचार की व्यवस्था कराई।
श्री हुलगी निर्माण कार्यों के निरीक्षण पर निकले थे। देवरिया के पास सोनू घाट चौराहे पर एक बीमार बच्चे को देखकर उन्होंने अपना काफिला रोक दिया और तत्काल उसके उपचार की व्यवस्था कराई। जिलाधिकारी पिपरा चंद्रभान मार्ग और भलुअनी ब्लॉक की निर्माण परियोजनाओं के निरीक्षण पर थे। लौटते समय सोनू घाट चौराहे पर आमजन से संवाद के दौरान उनकी नजर 8-9 साल के एक बालक पर पड़ी। जिसे उसके अभिभावक जांच के लिए ले जा रहे थे। पूछने पर परिजनों ने बताया कि बालक अक्सर मूर्छित हो जाता है।
इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों से वार्ता कर बच्चे की समुचित जांच, सीटी स्कैन समेत आवश्यक उपचार कराने के निर्देश दिए और बच्चे को मेडिकल कॉलेज भेजवाया। डीएम की इस संवेदनशील पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की और आभार जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित