देवरिया , मई 19 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि देवरिया जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला बदमाश राम प्यारे प्रजापति बोलेरो वाहन से इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और संदिग्ध वाहन की घेराबंदी शुरू कर दी गई।

पुलिस टीम को पीछा करता देख बदमाश तेजी से वाहन भगाने लगा। इसी दौरान रुद्रपुर क्षेत्र के सेमरौना पुल के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे फंस गई। पुलिस ने वाहन को घेरकर बदमाश को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश राम प्यारे प्रजापति के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध असलहा और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार गाजीपुर जिला निवासी बदमाश ने स्वीकार किया कि वह विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों को निशाना बनाता था। वह दुकानों में रखी नकदी और गुल्लक चोरी करता था तथा पहचान छिपाने के लिए घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी नष्ट कर देता था। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कुल 46 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित