देवरिया , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के लार क्षेत्र में मंगलवार/बुधवार की रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक गो-तस्कर घायल हो गया तथा पुलिस ने आठ गोवंशीयों को बरामद कर मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने यहां बताया कि बीती रात जिले की लार पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक चनुकी पुल की तरफ भाग निकला। उन्होंने बताया कि सूचना पर भाटपार रानी पुलिस ने फुलवरिया चौराहे से घेराबंदी की।पुलिस को देखकर पिकप चालक ने बैरियर तोड़ दिया और वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। वाहन में सवार चारों व्यक्ति भागने लगे। इस दौरान एक व्यक्ति ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद मुन्ना निवासी सिवान के पैर में गोली लगी। उसे उपचार हेतु पीएचसी भाटपार रानी भेजा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से चंदन चौरसिया निवासी मईल, मोहम्मद फैजल और अनवर अंसारी निवासी लार को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, 2 खोखा कारतूस और 8 गोवंशीय पशुओं से भरा पिकप बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्अकरों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम व अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित