देवरिया , सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरी बाजार क्षेत्र में पारिवारिक बंटवारे के विवाद में एक महिला की पीटकर हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रूद्रपुर राजेश चतुर्वेदी ने सोमवार को यहां बताया कि 13 सितंबर को जगवंती देवी के घर में पारिवारिक बंटवारे को लेकर पंचायत चल रही थी। इसी दौरान उसके ससुर सुरेन्द्र, सास देवंती देवी, ननद कुमारी आंचल, भसुर अमित तथा परिवार के ही गोलू व जग्गू एकराय हो गये और उसे जान से मारने की नीयत से जगवंती को लात-मुक्कों और डंडों से बेरहमी से पीटने लगे।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही गौरी बाजार पुलिस तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घायल महिला को इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। उन्होंने बताया घायल महिला की गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर यहां पोस्टमार्टम कराया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित