देवरिया , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बिना वैध परमिट अथवा अवधि समाप्त होने के बावजूद संचालित विद्यालय वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परिवहन विभाग ने 10 स्कूली वाहनों का चालान किया है, जबकि दो बसों को संबंधित थानों में निरुद्ध कराया गया है। आधिकारिक प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर विद्यालय वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान जिन विद्यालयों के वाहन नियमों के विपरीत संचालित पाए गए, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि चालान किए गए तथा निरुद्ध कराए गए वाहनों से संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध मान्यता निरस्तीकरण की कार्रवाई भी प्रक्रिया में है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इसी क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों को नोटिस जारी किए जाने के बावजूद वाहनों का परमिट प्राप्त नहीं कराया गया है, उनके खिलाफ कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय वाहनों के संचालन में सभी सुरक्षा मानकों और परिवहन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने तथा बिना परमिट एवं नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित