देवरिया, सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश मे देवरिया जिले के तरकुलवा में एक महिला ने एक युवक पर धार्मिक पहचान छिपाकर दोस्ती करने,चार साल तक साथ रखने और शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हैं।

तरकुलवा थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने आज यहां बताया कि पीड़िता की तहरीर पर क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी खुशरुद्दीन अंसारी, नूर मोहम्मद और उसकी पत्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला का आरोप है कि करीब चार साल पहले बाजार में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी। युवक ने कथित तौर पर अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की। बाद में दोनों की तस्वीरें और वीडियो महिला के ससुराल वालों तक पहुंच गए, जिसके बाद उसे ससुराल से निकाल दिया गया।

उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार इसके बाद युवक उसे हरियाणा और फिर दिल्ली ले गया।जहां उससे एक ब्यूटी पार्लर में काम कराया गया और उसकी कमाई भी रख ली गई।महिला का आरोप है कि जब उसने शादी की बात कही तो युवक और उसके भाई-भाभी ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की।थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित