देवरिया , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र के पयासी गांव में शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक घटना में 12 वर्षीय बालक ने नाले में डूब रहे दो बच्चों की जान बचाने के बाद स्वयं अपनी जान गंवा दी। पुलिस एवं स्थानीय सूत्रों के अनुसार पयासी गांव के नोनिया टोला के पास उफनते कोइलार नाले में शुक्रवार शाम कुछ बच्चे स्नान कर रहे थे। इसी दौरान पयासी गांव के खटीक टोला निवासी रौनक खटीक (12) पुत्र जसवंत खटीक अपने साथियों के साथ नहाने गया था। स्नान के दौरान उसके हमउम्र कुंदन और पीयूष गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

दोनों बच्चों को संकट में देख रौनक ने बिना अपनी जान की परवाह किए तत्काल नाले में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की, लेकिन इसी दौरान वह स्वयं गहरे पानी के भंवर में फंस गया और डूब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार रात लगभग आठ बजे रौनक को नाले से बाहर निकाला। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भटनी थाना प्रभारी वी.ए. कुमार सिंह ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से घटना की सूचना पुलिस को मिली थी, लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही परिजन शव को लेकर घर जा चुके थे। पुलिस मामले की जानकारी जुटाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित