देवरिया , मई 12 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में भाटपार रानी पुलिस सर्किल क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात गोवंश बरामद किये गये हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर रात ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि एक वाहन में गोवंश लादकर ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर वाहन की घेराबंदी की। इस दौरान वाहन सवार दो तस्कर बनकटा अमेठिया के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से तीन गोवंश बरामद किए हैं। वाहन नंबर के आधार पर फरार तस्करों की तलाश की जा रही है।
एक अन्य कार्रवाई में मंगलवार को बनकटा क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग गांव के लोगों ने सूचना दी कि दो व्यक्ति चार गोवंशीय पशुओं को बिहार ले जा रहे हैं। सूचना पर थाना बनकटा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुड्डू और सबरूद्दीन नामक दो व्यक्तियों को हिरासत में लेते हुए चार गोवंश बरामद किए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन गोवंशों को गुड्डू शाह निवासी भरसड़ थाना बनकटा के कहने पर बिहार के सिवान जनपद स्थित बगड़ा गांव निवासी मेंठा के पास ले जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित