देवरिया, सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को विकास भवन के गांधी सभागार में सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने सह-अध्यक्ष के रूप में भाग लिया।
बैठक में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर और मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि जनपद के विकास के लिए अधिकारी सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करायें। जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही न हो और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति दी जाये। उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद में निर्मित सभी शौचालयों के उपयोग के लिए लोगों को जागरूक किया जाए तथा विभागों द्वारा संचालित सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाय।
सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने विद्युत, स्वास्थ्य एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी ली और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, जल जीवन मिशन, विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता और परियोजना निदेशक (एनएचएआई) का एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गये।जिलाधिकारी श्री हुलगी ने कहा कि दिशा बैठक का उद्देश्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा और जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित