देवरिया , अक्टूबर 28 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के खामपार थाना क्षेत्र में नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लेने के आरोप में पूछताछ के लिए थाने लाए गए एक युवक की बुधवार को तबीयत बिगड़ गई। उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह ने यहां बताया कि कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के बड़हरा बाजार निवासी दुर्गेश बांसफोर पुत्र इमरती ने खामपार थाने में प्रार्थना पत्र देकर खामपार निवासी इरफान आलम पुत्र असलम पर नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि प्रार्थना पत्र की जांच के क्रम में पुलिस ने इरफान आलम को पूछताछ के लिए थाना खामपार पर बुलाया था। जिसका तस्करा थाने पर अंकित है।

श्री सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान इरफान ने तबीयत खराब होने की शिकायत की। उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भाटपार रानी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज देवरिया में चिकित्सकों ने इरफान को मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण तबीयत खराब होना बताया। बेहतर इलाज के लिए उसे परिजनों के साथ बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रवाना किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित