देवरिया, जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के लार कस्बे में शनिवार-रविवार की रात सड़क किनारे बैठे एक युवक को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह ने यहां रविवार को बताया कि यह घटना लार कस्बे में लक्खू मोड़ के पास शनिवार रात करीब 12 बजे घटित हुई। उन्होंने बताया कि पीआरवी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कस्बा लार में लक्खू मोड़ के पास एक व्यक्ति को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी। सूचना पर लार पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के थाना गोला क्षेत्र निवासी रमेश सोनकरके रूप में हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अज्ञात ट्रक और चालक की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित