देवरिया , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने शुक्रवार को सड़क की खुदाई कराकर विभिन्न परतों का परीक्षण कराया तथा निर्माण सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजने के निर्देश दिये।

आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि जिलाधिकारी श्री हुलगी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बन रहे पिपरा चंद्रभान से सहजौली मार्ग का निरीक्षण किया। 6.92 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की लागत 6.20 करोड़ रुपये है। मौके पर खुदाई कराकर सड़क की गुणवत्ता और मानकों की जांच की गई, जिसमें निर्माण कार्य मानक के अनुरूप पाया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद उन्होंने ने भलुअनी विकासखंड परिसर में 2.58 करोड़ रुपये की लागत से बन रही आवासीय परियोजना का निरीक्षण किया। यह कार्य दिसंबर 2025 में शुरू हुआ था और मार्च 2027 तक पूरा होना है। जिलाधिकारी ने मौके पर ईंट, सीमेंट सहित अन्य निर्माण सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने और कार्य को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिये।

श्री हुलगी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मानकों और समयबद्धता का पालन न करने पर संबंधित कार्यदायी संस्था व विभाग के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित