देवरिया, अक्टूबर 17 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के पथरदेवा में शनिवार को दो दिवसीय किसान मेले के पहले दिन क्षेत्रीय किसानों आधुनिक खेती की जानकारी दी गई।
दो दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेले का आयोजन कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में हो रहा है। आज मेले का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने किया। मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। मेले के दौरान उप कृषि निदेशक द्वारा रबी सीजन 2026-27 के तहत राज्य सहायतित योजना में चयनित किसानों को तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए दो किलोग्राम तोरिया (लाही) बीज की मिनीकिट निःशुल्क वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य तिलहन उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।
मेले में कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों द्वारा किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन, आधुनिक कृषि तकनीकों और कीट प्रबंधन के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी जा रही है। किसानों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से अवगत कराने के लिए कृषि सूचना तंत्र योजना के अंतर्गत कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, भूमि संरक्षण, इफको, कृभको, उद्यान एवं लघु सिंचाई विभाग सहित विभिन्न संस्थानों के स्टॉल लगाए गए हैं। जिनके माध्यम से किसानों को सरकारी अनुदान, कृषि उपकरणों और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित