देवरिया , अगस्त 04 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने जल निगम, विद्युत, सिंचाई, लघु सिंचाई एवं बाढ़ परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में विद्युत विभाग सदर के अधिशाषी अभियंता का मंगलवार को वेतन रोकने का निर्देश दिया है।
श्री हुलगी ने बैठक में जल निगम (ग्रामीण एवं नगरीय), नलकूप, सिंचाई तथा बाढ़ विभाग की सभी निर्माण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगीबैठक में बताया गया कि जल निगम (ग्रामीण) की ओवरहेड टैंक परियोजना के लिए सलेमपुर में 8, सदर में 15, रुद्रपुर में 3, बरहज में 2 तथा भाटपाररानी में 1 स्थान पर भूमि की आवश्यकता है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को तत्काल भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने जल निगम (ग्रामीण एवं नगरीय) को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कर आख्या प्रस्तुत करने तथा पेयजल पाइपलाइन की जांच कर अंतिम छोर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग की समीक्षा में रजवाहों की सफाई एवं अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिये। बाढ़ विभाग को सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं समय से पूर्ण करने, उपजिलाधिकारियों द्वारा कानूनगो के माध्यम से स्थलीय सत्यापन कराने तथा बाढ़ शिविरों के लिए विद्यालयों की सूची तैयार रखने के निर्देश दिये।
श्री हुलगी ने बाढ़ राहत सामग्री एवं अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। लघु सिंचाई विभाग को अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने, निःशुल्क बोरिंग की सुविधा उपलब्ध कराने तथा रूफ वाटर हार्वेस्टिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित