देवरिया, सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में आईजीआरएस प्रकरणों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण और लापरवाही पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने मंगलवार को चार सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि नोटिस पाने वालों में स्ट्रीट लाइट लगवाने और हैंडपंप की मरम्मत से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भाटपार रानी, नाली पर जबरन कब्जे की शिकायत के संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सदर, साफ-सफाई से संबंधित शिकायत पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) गौरीबाजार तथा नई नाली निर्माण की शिकायत के संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भटनी शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आईजीआरएस शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित