देवरिया, जुलाई 01 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में बुधवार को पोषण समिति की बैठक में जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने निर्देश दिया है कि अधूरे आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाये।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को बाल विकास विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने सीडीपीओ, सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को टीम भावना से काम करते हुए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सीडीपीओ प्रभावी अनुश्रवण करें तथा सुपरवाइजर अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करें।
श्री हुलगी ने कहा कि ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के सत्रों में जिन क्षेत्रों में मातृ या शिशु मृत्यु हुई हो अथवा संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र संघर्षशील श्रेणी में हो, वहां सीडीपीओ और सुपरवाइजर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने आगाह किया कि जिस क्षेत्र में मातृ या शिशु मृत्यु होगी, उस क्षेत्र के सुपरवाइजर के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की जाएगी। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों और सुपरवाइजरों को नियमित होम विजिट करने तथा पोषण ट्रैकर एवं ई-कवच के माध्यम से ड्यू-लिस्ट का मिलान करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि वर्ष 2022-23 और 2023-24 में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा में पाया गया कि अधिकांश केंद्रों में केवल छोटी-छोटी कमियां शेष हैं। इस पर सभी खंड विकास अधिकारियों को एक सप्ताह में निर्माण कार्य पूर्ण कराने को कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित