देवरिया , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस ने गुरुवार को विभिन्न मामलों में कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार रात महुआडीह थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर बुशहर में दो सगे पट्टीदारों के बीच गाली-गलौज और मारपीट के दौरान रविता देवी नामक महिला के सिर पर चोट लग गई। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में मृतका के पुत्र की तहरीर पर राज विश्वकर्मा, हरे राम विश्वकर्मा और मोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि बनकटा थाना क्षेत्र के ग्राम छेरिहा के पास से दो पशु तस्करों यूनूस नट और संदीप राम को दो गोवंशीय पशुओं के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर के निर्देशन में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 156 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि पांच वाहनों को सीज किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 39 आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा, देवरिया पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर महिलाओं, बालिकाओं, छात्राओं और बच्चियों को मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत संचालित कल्याणकारी योजनाओं तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। टीमों ने पंपलेट वितरित कर जागरूकता फैलाते हुए उन्हें किसी भी असहज स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित