देवरिया , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर के निर्देशन में आमजन की सुरक्षा और महिला/बालिका सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलेभर में गुड मॉर्निंग देवरिया और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने यहां बताया कि अभियान के तहत सभी थानों की पुलिस टीमों ने सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मंदिरों, शिवालयों, प्रमुख मार्गों एवं विद्यालयों के आसपास विशेष सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने मॉर्निंग वॉक करने वाले महिला-पुरुष नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई और हर संभव सहायता व सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को हिदायत दी गई। महिला/बालिका सुरक्षा के दृष्टिगत एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय एवं कोचिंग जाने वाली बालिकाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित