देवरिया, अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया डिपो में संविदा चालकों की भर्ती प्रक्रिया 13 अगस्त से शुरू होगी तथा बसों की उपलब्धता के अनुसार पदों की संख्या घटाई-बढ़ाई जा सकती हैं।

रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक कपिल देव प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि देवरिया डिपो में संविदा चालक के पद पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 13 अगस्त से शुरू होगी। डिपो में संविदा चालक के 51 पद रिक्त हैं। बसों की उपलब्धता के अनुसार पदों की संख्या घटाई-बढ़ाई जा सकती है।

उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए जिले के 10 स्थानों पर कैंप लगाए जायेंगे। इसके तहत रुद्रपुर बस स्टेशन में 13 अगस्त, मगहरा चौराहा में 18 अगस्त, रकहट चौराहा में 21 अगस्त, विशुनपुरा बाजार में 25 अगस्त, पकहां चौराहा में 2 सितंबर, नवलपुर चौराहा में 5 सितंबर, लार ब्लॉक सभागार में 8 सितंबर, तरकुलवां बाजार में 11 सितंबर, भाटपाररानी तहसील के बगल में 15 सितंबर और सोहनपुर इंटरमीडिएट कॉलेज में 18 सितंबर 2026 को भर्ती की जायेगी।

श्री प्रसाद ने बताया कि अभ्यर्थी के पास भारी वाहन का कम से कम दो वर्ष पुराना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, न्यूनतम कक्षा आठ उत्तीर्ण, आधार कार्ड होना अनिवार्य है। न्यूनतम आयु 23 वर्ष 6 माह और न्यूनतम लंबाई 5 फीट 3 इंच निर्धारित है। अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट साइज फोटो भी लानी होंगी।इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और स्थान पर आवश्यक अभिलेखों के साथ भर्ती कैंप में शामिल हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित