देवरिया , अक्टूबर 15 -- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जायेगा।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुलगी ने गुरूवार को यहां बताया कि अभियान के तहत जनपद के सभी 2763 मतदान बूथों पर बीएलओ मतदाता सूची की नवीनतम प्रति और फॉर्म-6 के साथ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभियान के प्रभावी संचालन के लिए समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों विशेषकर युवा और महिला मतदाताओं से अपील की है कि जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। वे अपने नजदीकी बूथ पर पहुंचकर फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज कराएं। उन्होंने लोगों से अपने परिवार और आस-पास के पात्र लोगों को भी जागरूक करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित