देवरिया , अक्टूबर 23 -- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन में देवरिया जिले के 16 मतदान केंद्रों पर आज 80.53 फीसदी मतदान शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न हो गया।

आधिकारिक प्रवक्ता ने यहा़ं बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने विकास खंड बैतालपुर, बरहज, भलुअनी, देवरिया सदर, रुद्रपुर एवं गौरीबाजार में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने, मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में किसी प्रकार की असुविधा न होने देने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा प्रबंधों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और सभी पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ।

निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में कुल 16 मतदान केंद्रों पर कुल 4278 मतदाताओं में 3264 पुरुष और 1014 महिला मतदाता पंजीकृत थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित