देवरिया , मई 20 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले को 655.45 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत भीमपुर गौरा के समीप पोखरभिंडा में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुल 655.45 करोड़ रुपये लागत की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 116.54 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आठ परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 538.91 करोड़ रुपये लागत की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

प्रमुख परियोजनाओं में 292 करोड़ रुपये लागत से देवरिया-कसया मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य तथा 74 करोड़ रुपये की लागत से देवरिया-हाटा मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के जरिए जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनोपयोगी सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच, टेंट, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित