जौनपुर , जून 29 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में सरपतहां थाना की पुलिस टीम ने रविवार की रात पुलिस मुठभेड़ में देवरिया जिले के वांछित एक गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक तमन्चा, तीन कारतूस, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश के तहत अपराध की रोकथाम और अपराधियो की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे अभियान के दौरान समोधपुर मार्ग स्थित कम्मरपुर पुलिया पर पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति एक मोटर साइकिल से समोधपुर की तरफ से आते देखा।
उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर आरोपी अचानक मोटरसाइकिल मोड़कर भागना चाहा, तभी हडबड़ाहट में मोटरसाइकिल पलट गयी। इसके बाद वह पैदल ही कम्मरपुर गाँव के तरफ भागा, जिसको सरपतहां के थानाध्यक्ष ने रुकने के लिए कहा, जिसके बाद उसने पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद आत्मरक्षा में उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने गोली चलायी। कुछ देर बाद गोलीबारी की आवाज बन्द होने पर उस व्यक्ति के पास पहुँचे तो उसके बाये पैर में घुटने के नीचे गोली लगी थी। पूछताछ पर उसने अपना नाम पंकज यादव (35 वर्ष) बताया। उसके पास से एक तमचा 0.315 बोर, एक खोखा और एक जिन्दा कारतुस .0315 बोर का, मोबाइल फोन और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गयी है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित