देवरिया , जुलाई 23 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में कस्तूरबा स्कूलों में निबार्ध बिजली के लिए सोलर प्लांट लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।
आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि गुरुवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी के निर्देश पर यह तैयारी की जा रही है। प्रवक्ता ने बताया कि जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यालयों में बिजली की समस्या दूर कर छात्राओं का पठन-पाठन निर्बाध रूप से संचालित करना है।
श्री हुलगी के निर्देश पर गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी(सीडीओ)राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सभी कस्तूरबा विद्यालयों की प्रधानाचार्यों के साथ ऑनलाइन बैठक हुई। जिसमें सभी विद्यालयों में सोलर प्लांट लगाने पर विचार-विमर्श किया गया। सीडीओ ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि सोलर प्लांट स्थापना के लिए तत्काल प्रस्ताव तैयार कर शासन एवं नेडा को भेजें। स्वीकृति मिलने के बाद सभी विद्यालयों में प्लांट लगाए जाएंगे।
प्रवक्ता ने बताया कि सोलर प्लांट लगने से विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति नियमित रहेगी। इससे छात्राओं की पढ़ाई सहित अन्य गतिविधियां बिजली कटौती से प्रभावित नहीं होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित