देवरिया , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के कसया क्षेत्र में सोमवार देर रात देवरिया-कसया मार्ग पर रामाभार पुल के पास भीषण सड़क हादसे में देवरिया जिले के चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गये।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सोमवार की देर रात सात युवक महिंद्रा वेरिटो कार से कसया में मेला देखकर तरकुलवा क्षेत्र के अपने गांवों की ओर लौट रहे थे। रामाभार पुल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये। शवों और घायलों को गाड़ी काटकर बाहर निकालना पड़ा। प्रारंभिक जांच में कार की अत्यधिक रफ्तार हादसे की वजह बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान नीतीश कुमार (22) निवासी मथिया रुनी, तरकुलवा, प्रदीप प्रसाद (23) निवासी मठियारत्ती, संजीव शर्मा (21 ) निवासी मठियारत्ती और अंकुल कनौजिया (20) निवासी रामपुरगढ़ जिला देवरिया के रूप में हुई है। घायलों में अंकित पुत्र हर्षदेव (22), अंकित यादव पुत्र विजय शंकर (21) और अंकित पुत्र धर्मेंद्र (24) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित