सहारनपुर/देवबंद , मई 23 -- एंटी करप्शन ऑर्गेनाइजेशन की टीम ने शनिवार को विद्युत निगम के लालवाला रोड स्थित कार्यालय पर छापा मारकर ग्रामीण द्वितीय उपखंड के एसडीओ समेत दो लोगों को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार देवबंद क्षेत्र के थीतकी गांव निवासी मोहम्मद अहरार ने आटा चक्की के लिए छह अप्रैल को छह किलोवाट का बिजली कनेक्शन आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित जेई और एसडीओ ने बिना कारण बताए उसका आवेदन निरस्त कर दिया। इसके बाद अहरार ने 18 मई को दोबारा आवेदन किया।

पीड़ित का आरोप है कि ग्रामीण द्वितीय के एसडीओ दिनेश कुमार मौर्य ने कनेक्शन जारी करने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता द्वारा एकमुश्त रकम देने में असमर्थता जताने पर 20 हजार रुपये पहले और शेष 30 हजार रुपये बाद में देने की बात तय हुई।

इसके बाद मोहम्मद अहरार ने पूरे मामले की शिकायत सहारनपुर एंटी करप्शन टीम से की। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर एंटी करप्शन निरीक्षक मुकेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। टीम ने केमिकल लगे नोट शिकायतकर्ता को देकर विद्युत निगम के लालवाला रोड स्थित कार्यालय भेजा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने एसडीओ दिनेश कुमार मौर्य और संविदाकर्मी पेट्रोलमैन मोहम्मद शाकिर को रिश्वत की रकम सौंपी, पीछे से पहुंची एंटी करप्शन टीम ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

टीम ने शिकायतकर्ता के बयान, प्री-ट्रैप जांच रिपोर्ट, ऑडियो रिकॉर्डिंग तथा अन्य साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों आरोपियों को अपने साथ नागल थाने ले जाकर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित