सहारनपुर , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद की देवबंद थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के दो अलग-अलग मुकदमों में वांछित आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि आठ जनवरी 2026 को सूरजीत पुत्र जयप्रकाश निवासी सैनी सराय, देवबंद की तहरीर पर थाना देवबंद में मुकदमा संख्या 18/2026 धारा 191(3), 109(1), 115(2), 352 बीएनएस के तहत खेमकरण समेत अन्य आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।

इसी दिन विशाल पुत्र पवन निवासी सराय काहरान की तहरीर पर मुकदमा संख्या 19/2026 धारा 191(3), 109(1), 352, 351(3) बीएनएस के तहत कुलदीप समेत अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी देवबंद अभितेश सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों मुकदमों के वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मुकदमा संख्या 18/2026 में वांछित अभिषेक, मोहर सिंह और अर्जुन निवासी सैनी सराय को गिरफ्तार किया गया। वहीं मुकदमा संख्या 19/2026 में वांछित आनंद उर्फ बादशाह, अंकित, सागर, विकास और अनुज निवासी सराय मालियान को दबोचा गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित