पौड़ी , अगस्त 07 -- उत्तराखंड में देवप्रयाग राजमार्ग पर कुण्डाधार के समीप शुक्रवार को वाहन के गहरी खाई में गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन लक्सर से पौड़ी की ओर जा रहा था। वाहन में एक ही परिवार के छह सदस्य सवार थे। बताया जा रहा है कि कुण्डाधार के पास दूसरे वाहन को पास देते समय बोलेरो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए सैकड़ों फुट गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल और एंबुलेंस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त वाहन से सभी लोगों को बाहर निकाला गया। चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकती है। उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित