पौड़ी , अगस्त 07 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिले के देवप्रयाग राजमार्ग के कुण्डाधार के पास शुक्रवार को वाहन के गहरी खाई में गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश सिंह पंवार ने बताया कि आज पूर्वाह्न 11.30 बजे थाना देवप्रयाग पर सूचना मिली कि पौड़ी देवप्रयाग मार्ग पर कुंडाधार के निकट एक वाहन सड़क से नीचे खाई में करीब 250 फुट गहरी खाई में गिर गया है। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त वाहन से सभी लोगों को बाहर निकाला गया। चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बच्चे अरमान को उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि सभी पीड़ित हरिद्वार में लक्सर के रहने वाले थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित