टिहरी, सितंबर 16 -- उत्तराखंड के देवप्रयाग के पौसाड़ा गांव में बुधवार को अचानक एक मकान ढह गया और मकान के मलबे में दबने से रामेश्वरी देवी की दुधारू भैंस की मौत हो गई। हादसे के दौरान रामेश्वरी देवी ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, रामेश्वरी देवी विधवा हैं और दुधारू भैंस के दूध की बिक्री से अपने बच्चों का भरण-पोषण करती थीं। भैंस की मौत के बाद परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। मकान ढहने से उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान रीता देवी, पंचायत सदस्य और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य लोकेंद्र दत्त रतूड़ी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों ने तहसीलदार देवप्रयाग से पीड़ित परिवार को मकान के नुकसान के साथ दुधारू भैंस की मौत का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए शीघ्र राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित