पौड़ी , जुलाई, 27 -- उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत देवप्रयाग पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.33 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद भर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना देवप्रयाग पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में सवार रजत नेगी निवासी पौड़ी के कब्जे से 5.30 ग्राम तथा काफिल सिद्दकी उर्फ कपिल, निवासी धारा रोड, पौड़ी के कब्जे से 5.03 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह स्मैक को देहरादून से कम कीमत पर खरीदकर पौड़ी में अधिक दाम पर बेचने के उद्देश्य से ला रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ उन्हें किसने उपलब्ध कराया और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस मामले में थाना देवप्रयाग में एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित