जयपुर , मई 11 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मंगलवार को मुंबई दौरे पर जायेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री देवनानी मुम्बई में बांद्रा वेस्ट स्थित बाल गंधर्व (रंग मंदिर) में आयोजित विश्व सिंधी हिंदू फाउण्डेशन ऑफ एसोसिएशन सदस्यों की कोर कमेटी और सामान्य परिषद की बैठक में भाग लेंगे।

श्री देवनानी इस एसोसिएशन के संरक्षक है और वह वहां इस अवसर पर आयोजित युवा सम्मेलन को भी सम्बोधित करेंगे। मुम्बई में आयोजित होने वाली इस बैठक के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस होंगे। सांसद शंकर लालवानी इस एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक है।

श्री देवनानी मुम्बई में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आयोजनों में भाग लेंगे तथा अनेक गणमान्य व्यक्तियों से शिष्टाचार भेंट करेंगे। मुंबई प्रवास के दौरान श्री देवनानी भारतीय संस्कृति, शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। साथ ही वे राजस्थान मूल के प्रवासी समाज के प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे। श्री देवनानी के मुंबई आगमन पर विभिन्न संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित