जयपुर , नवम्बर 25 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी संविधान दिवस पर बुधवार को विधानसभा डिजिटल संग्रहालय में नवनिर्मित वंदे मातरम दीर्घा का शुभारम्भ करेंगे।

श्री देवनानी ने राष्ट्र गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर विधानसभा संग्रहालय में वंदे मातरम दीर्घा का निर्माण कराया है। उन्होंने बताया कि दीर्घा में वंदे मातरम् का पूरा इतिहास 37 पैनल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह दीर्घा शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और आमजन के लिए बहुपयोगी है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा में संविधान दिवस पर युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन रखा गया है। युवा विधानसभा में संविधान दिवस पर चर्चा करेंगे। विधानसभा के राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का विधि शिक्षा से जुड़े युवा अवलोकन भी करेंगे। समारोह में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और अतिरिक्त महाधिवक्ता जी.एस. गिल भी मौजूद रहेंगे।

विधानसभा के राजनैतिक आख्यान संग्रहालय में श्री देवनानी की परिकल्पना के अनुरूप वंदे मातरम दीर्घा का निर्माण किया गया है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष संविधान दिवस पर श्री देवनानी की पहल पर संग्रहालय में संविधान दीर्घा का निर्माण किया गया। वंदे मातरम दीर्घा में 37 पैनलों के माध्यम से वंदे मातरम के इतिहास और इससे सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारियों का समावेश किया गया है। वर्ष 1875 में अक्षय नवमी के दिन वंदे मातरम की रचना, बंकिमचन्द्र ने इसे पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के लालगोला में लिखा, संस्कृतनिष्ठ बंगाली में लिखे गए मूल गीत के चित्र सहित विभिन्न जानकारियों के समावेश सहित बनाये गए पैनलों की दीर्घा आमजन, युवा, शोधार्थी और छात्र-छात्राओं के लिए बहुत उपयोगी साबित होगी।

श्री देवनानी ने संविधान दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का संविधान महत्वपूर्ण दस्तावेज है। भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा और नागरिक अधिकारों का आधारस्तंभ है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर का दिन संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि, त्याग और प्रतिबद्धताकी याद दिलाता है, जिन्होंने विविधताओं से भरे भारत के लिए आधुनिक, समावेशी और न्यायपूर्ण संविधान तैयार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित