अजमेर , अगस्त 08 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों के उपचार एवं स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

श्री देवनानी शनिवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे दरगाह पुलिस थाने के पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार कार द्वारा टक्कर मार दिए जाने की सूचना पर जेएलएन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति, उपचार एवं उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक पुलिसकर्मी की स्थिति को देखते हुए श्री देवनानी ने उसे बेहतर उपचार के लिए जयपुर रैफर करने की व्यवस्था कराई। साथ ही जयपुर के फोर्टिस अस्पताल में उसके उपचार के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा श्री देवनानी ने अजमेर से किशनगढ़ कार्यक्रम में जा रहे थे। इस दौरान जयपुर रोड कोर्ट के बाहर एक युवक को दुर्घटना में घायल अवस्था में देखकर उन्होंने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई तथा उसके उपचार के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।

श्री देवनानी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर मौके से ही प्रशासन, सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा नगर निगम के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में स्थित स्पीड ब्रेकर पर स्पष्ट रूप से सफेद लाइनिंग कराई जाए ताकि वाहन चालकों को दूर से ही स्पीड ब्रेकर दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित