जयपुर , मई 03 -- राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने विधानसभा सचिवालय के 52 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति दी है।
श्री देवनानी के निर्देशानुसार विधानसभा सचिवालय द्वारा बुद्ध पूर्णिमा के दिन जारी किए आदेशों में छः उप सचिव, सात सहायक सचिव, आठ अनुभाग अधिकारी, चार सहायक अनुभाग अधिकारी, दो क्लर्क ग्रेड प्रथम, आठ क्लर्क ग्रेड द्वितीय, बारह जमादार और एक-एक पद पर संपादक, सहायक संपादक, पुस्तकालयाधिकारी, उप पुस्तकालयध्यक्ष एवं विधि रचना अधिकारी बनाए गए हैं।
उन्होंने 20 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पदोन्नत किया है। इस निर्णय से विधान सभा के कार्मिकों में खुशी की लहर है। अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह एवं नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इस अवसर पर विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री देवनानी का आभार जताया है।
इस मौके पर श्री देवनानी ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि कर्तव्य, जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ करेंगे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा सचिवालय लोकतांत्रिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग है और इसकी कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाने में कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। श्री देवनानी ने विश्वास जताया कि पदोन्नत कार्मिक अपने कार्यों से संस्था की गरिमा और प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित