जयपुर , जून 03 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उत्तराखंड प्रवास के दौरान बुधवार को पवित्र यमुनोत्री धाम पहुंच कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
श्री देवनानी ने मां यमुना के पावन धाम में विधिवत दर्शन कर देश एवं राजस्थान की उन्नति, जनकल्याण तथा सर्वजन मंगल की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में यमुना आस्था, आध्यात्मिक चेतना और जीवनदायिनी शक्ति की प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि चारधाम क्षेत्र की आध्यात्मिक ऊर्जा प्रत्येक श्रद्धालु को आत्मिक शांति एवं नयी प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि देवभूमि भारत की सनातन परंपराओं का जीवंत केंद्र है।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की तथा प्रदेशवासियों के सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उल्लेखनीय है कि श्री देवनानी इन दिनों उत्तराखंड के पांच दिवसीय प्रवास पर हैं। श्री देवनानी गंगोत्री भी पहुंचे जहां वह गुरुवार को गंगोत्री के दर्शन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित