जयपुर , जनवरी 26 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार सुबह 77वें गणतंत्र दिवस पर विधानसभा, कांस्टीट्यूशनल क्लब और अपने राजकीय आवास पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।

इस अवसर पर श्री देवनानी ने अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है। यह दिन हमें स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व का मार्गदर्शक बनकर उभर रहा है। भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही तीसरी तथा हमारे देखते-देखते प्रथम अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान करते हुए कहा कि यही सच्ची राष्ट्रसेवा है और इससे ही भारत को महान बनाने में प्रत्येक नागरिक का योगदान सुनिश्चित होगा।

श्री देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा का यह अमृत काल है। इस दौरान संविधान और विधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अनेक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित